असंगठित मजदूरों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता – विष्णुप्रिया रॉय चौधरी

– भारतीय जनता मजदूर सेल के राष्ट्रीय सचिव पद पर संजय अग्रवाल और महाराष्ट्र उपाध्यक्ष पद पर जयेश टांक की नियुक्ति
पुणे: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मजदूरों के हित में कार्यरत हैं। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से संगठित और असंगठित मजदूरों को न्याय दिलाने का प्रयास किया है। भारतीय जनता मजदूर सेल हमेशा से मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहा है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा लाई गई 167 मजदूर कल्याणकारी योजनाओं को मजदूरों तक पहुँचाने का कार्य हम कर रहे हैं और असंगठित मजदूरों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। यह बात भारतीय जनता मजदूर सेल के राष्ट्रीय चेयरमैन विष्णुप्रिया रॉय चौधरी ने कही।
भारतीय जनता मजदूर सेल के राष्ट्रीय सचिव पद पर पुणे के संजय अग्रवाल और महाराष्ट्र प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर जयेश टांक की नियुक्ति की गई है। इस अवसर पर आयोजित नियुक्ति पत्र प्रदान समारोह शुभारंभ लॉन्स में संपन्न हुआ। इस दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विष्णुप्रिया रॉय चौधरी ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में अखिल भारतीय जनता मजदूर (सेल) के अध्यक्ष अर्णब चटर्जी, युवा अध्यक्ष दीपक शर्मा, महाराष्ट्र महिला अध्यक्ष सविता पांडे, उमेश शाह, अशोक राठी, सुनील जांज्योत, दिलीप आबा तुपे, नितिन शितोळे, राजेंद्र गिरे समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
विष्णुप्रिया रॉय चौधरी ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए प्रयासरत हैं, लेकिन ठेका मजदूरों और असंगठित मजदूरों की संख्या बहुत अधिक है, जिनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमारा संगठन लगातार कार्य कर रहा है। देश में सरकार की कई योजनाएँ असंगठित मजदूरों के लिए हैं, लेकिन वे उन तक नहीं पहुँच पातीं। इन योजनाओं को ज़रूरतमंद मजदूरों तक पहुँचाने के लिए हमने प्राथमिकता से कार्य करने का संकल्प लिया है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि मजदूरों को पीएफ, ईएसआई जैसी सुविधाएँ मिल रही हैं या नहीं। मजदूरों का शोषण न हो और वे सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें, इसके लिए हमारा संगठन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
अर्णब चटर्जी ने कहा कि महाराष्ट्र में संगठन का कार्य बहुत प्रभावी ढंग से चल रहा है। पिछले तीन वर्षों में राज्य में 200 से अधिक शाखाएँ खोली गई हैं। अन्य मजदूर संगठनों की तुलना में हमारा संगठन बेहतर कार्य कर रहा है, जिसके चलते विभिन्न श्रमिक चुनावों में भी हमें अच्छा समर्थन और सफलता मिल रही है।
संजय अग्रवाल और जयेश टांक ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजदूर कल्याणकारी योजनाओं को मजदूरों तक पहुँचाने के लिए वे पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।