गांजा तस्करी करने वाली महिला समेत तीन गिरफ्तार; 96 किलो गांजा बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पुणे। पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस आयुक्तालय की मादक पदार्थ विरोधी टीम ने गांजा तस्करी में लिप्त एक महिला सहित कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 96 किलो गांजा, दो चारपहिया वाहन सहित कुल 63 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। यह कार्रवाई चाकण पुलिस थाना क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों में संजय पांडुरंग मोहिते, मनसाराम नूरजी धानका और एक महिला शामिल है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
सहायक पुलिस निरीक्षक विक्रम गायकवाड़ व पुलिस अमलदार निखिल वर्पे गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली कि दो चारपहिया वाहनों से गांजा की तस्करी की जा रही है। इसके आधार पर पुणे-नासिक हाइवे के रोहकल फाटा पर नाकाबंदी कर दोनों वाहनों को रोका गया।
पुलिस ने जब वाहन की जांच की, तो उसमें कुल छह बोरे मिले, जिनमें 96 किलो 204 ग्राम गांजा भरा हुआ था। इसके बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
गिरफ्तार आरोपी संजय मोहिते पर पहले से ही कामशेत और लोणी काळभोर पुलिस थाना में एन.डी.पी.एस (NDPS) एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस आयुक्त विनयकुमार चौबे के मार्गदर्शन में किया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जानी थी।